बीकानेर के कोट गेट और साँखला रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से राहत की मांग, व्यापार मंडल ने प्रशासन से उठाई आवाज
बीकानेर के कोट गेट और साँखला रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से राहत की मांग, व्यापार मंडल ने प्रशासन से उठाई आवाज
बीकानेर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों कोट गेट से फड़ बाजार क्रॉसिंग तथा बीकानेर भुजिया भंडार से फड़ बाजार क्रॉसिंग मार्गों पर बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने चिंता व्यक्त की है।
मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों पर पहले प्रशासन द्वारा एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई थी, जिससे ट्रैफिक सुचारु रूप से चलता था। लेकिन वर्तमान में पर्याप्त यातायात कर्मियों की कमी के कारण यह व्यवस्था प्रभावहीन हो गई है और दोतरफा अव्यवस्थित यातायात से बार-बार भीषण जाम लग रहा है।
उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर रेलवे क्रॉसिंग होने से समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां हमेशा भीड़ रहती है और गर्मी के मौसम में लंबे समय तक जाम में फंसे रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंडल ने यह भी बताया कि दोनों मार्गों पर बड़ी संख्या में अनाधिकृत ठेले और फेरी वाले सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और यातायात बाधित होता है। इसके अलावा कोट गेट के अंदर-बाहर तथा बीकानेर भुजिया भंडार के सामने टैक्सी स्टैंड भी ट्रैफिक अव्यवस्था का बड़ा कारण बने हुए हैं।
व्यापार मंडल ने मृदुल कच्छावा से मांग की है कि:
- इन मार्गों पर पुनः प्रभावी रूप से एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की जाए।
- पर्याप्त ट्रैफिक कर्मियों की नियमित तैनाती हो।
- अनाधिकृत ठेले और फेरी वालों को नियमानुसार अन्य स्थान पर व्यवस्थित किया जाए।
- कोट गेट और भुजिया भंडार के सामने स्थित टैक्सी स्टैंड को वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
- मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थायी और मजबूत ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए।
मंडल का कहना है कि इन कदमों से व्यापारियों और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।


