समोसा-जलेबी पर भी सिगरेट जैसी वॉर्निंग, मोटापे के खिलाफ सरकार का नया प्लान
समोसा, जलेबी, वड़ा पाव जैसे जंक फूड पर अब सिगरेट जैसी हेल्थ वॉर्निंग होगी। सरकार का उद्देश्य लोगों को शक्कर और फैट के खतरों से सचेत करना है।

समोसा-जलेबी पर भी सिगरेट जैसी वॉर्निंग, मोटापे के खिलाफ सरकार का नया प्लान
भारत में अब समोसा, जलेबी, वड़ा पाव और पकोड़े जैसे लोकप्रिय नाश्तों पर सिगरेट जैसी चेतावनी दी जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस नए प्लान को हरी झंडी दे दी है। इसका उद्देश्य नागरिकों को शक्कर और ट्रांस फैट्स के खतरों के बारे में सचेत करना है।
क्यों जरूरी है यह चेतावनी?
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2050 तक भारत में 44.9 करोड़ लोग ओवरवेट या मोटापे के शिकार हो सकते हैं। इस मामले में भारत दुनिया में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर रहेगा। मोटापे से डायबिटीज, हार्ट डिजीज और कई अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
किन चीजों पर लगेगी चेतावनी?
इस लिस्ट में लड्डू, वड़ा पाव, पकोड़ा, गुलाब जामुन, समोसा और जलेबी जैसे खाद्य शामिल हैं। इन पर सिगरेट की तरह साफ शब्दों में वॉर्निंग लिखी जाएगी कि इनमें कितनी शक्कर और फैट है।
क्या बोले विशेषज्ञ?
नागपुर कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अमर अमाले ने कहा, 'शक्कर और ट्रांस फैट्स नए तंबाकू हैं। लोगों को यह जानने का अधिकार है कि वे क्या खा रहे हैं।' वहीं, डायबीटोलॉजिस्ट डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया, 'यह बैन के लिए नहीं, बल्कि जागरूकता बढ़ाने के लिए है। अगर लोग जानेंगे कि गुलाब जामुन में 5 चम्मच शक्कर है, तो शायद दूसरी बार लेने से पहले सोचेंगे।'
कहां लगेंगे ये वॉर्निंग साइन?
स्वास्थ्य मंत्रालय ने AIIMS समेत कई केंद्रीय संस्थानों को निर्देश दिया है कि कैफे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी यह चेतावनी साइन अनिवार्य रूप से लगाएं।
सरकार के इस फैसले से उम्मीद है कि लोग अपने खानपान को लेकर ज्यादा जागरूक होंगे और मोटापे जैसी गंभीर समस्याओं पर काबू पाया जा सकेगा।