बीकानेर प्रेस क्लब का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर: 60 से अधिक पत्रकारों और परिजनों की हुई स्वास्थ्य जांच
बीकानेर प्रेस क्लब का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर: 60 से अधिक पत्रकारों और परिजनों की हुई स्वास्थ्य जांच
बीकानेर। पत्रकारों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए बीकानेर प्रेस क्लब निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन शुक्रवार को राजकीय सैटेलाइट अस्पताल (चौखुटी पुलिया के पास) में किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस विशेष मेडिकल कैम्प में 60 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
बीकानेर प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया ने बताया कि पत्रकार अपने व्यस्त कार्य और अनियमित दिनचर्या के कारण अक्सर स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बीकानेर प्रेस क्लब निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, ताकि पत्रकार और उनके परिवारजन समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर सकें और उचित उपचार प्राप्त कर सकें।
शिविर में ईसीजी, हीमोग्लोबिन, सीबीसी (कम्प्लीट ब्लड काउंट), ईएसआर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, क्रीएटिनिन, बिलीरुबिन, प्रोटीन, एल्ब्यूमिन, कैल्शियम, यूरिक एसिड तथा ब्लड ग्रुप सहित कई महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की गईं। जांचों के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव और परामर्श भी प्रदान किए।
बीकानेर प्रेस क्लब निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा, पीएमओ डॉ. सुनील हर्ष, संजय खत्री, डॉ. प्रतीक सहित नर्सिंग स्टाफ के रवि कुमार, सचिन स्वामी, सुमन आचार्य एवं आलोक व्यास मौजूद रहे। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष गिरिराज भादाणी ने बताया कि बड़ी संख्या में पत्रकारों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया और इस पहल की सराहना की। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए ताकि मीडिया कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बीकानेर प्रेस क्लब निशुल्क स्वास्थ्य शिविर पत्रकारों के स्वास्थ्य संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। इस आयोजन ने पत्रकार समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाने के साथ सकारात्मक संदेश भी दिया।


