सुड़सर में उपडाकघर यथास्थान रहेगा संचालित, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के निर्देश के बाद खत्म हुआ ग्रामीणों का धरना
सुड़सर में उपडाकघर यथास्थान रहेगा संचालित, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के निर्देश के बाद खत्म हुआ ग्रामीणों का धरना
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सुड़सर गांव में उपडाकघर को पूर्व स्थान पर ही संचालित रखने की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा चलाया जा रहा आंदोलन आखिरकार सफल हो गया। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के निर्देश के बाद प्रशासन ने उपडाकघर को यथास्थान संचालित रखने के आदेश जारी कर दिए हैं।
करीब दस दिनों से चल रहे इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रवासियों और संघर्ष समिति के प्रयासों को सकारात्मक परिणाम मिला है। भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया लगभग 10 दिन पहले धरना स्थल पर पहुंचे थे और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया था कि इस विषय में आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने में कुछ दिन लगेंगे और इसके बाद सकारात्मक निर्णय आएगा।
इस दौरान श्याम पंचारिया ने लगातार केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से संपर्क कर क्षेत्र की जनभावनाओं से उन्हें अवगत कराया। मंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने उपडाकघर को उसी स्थान पर संचालित रखने का निर्णय लिया।
आज जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को लिखित आदेश की प्रति सौंपते हुए धरना समाप्त करवाया। इस मौके पर उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से ग्रामीणों की केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से बातचीत भी करवाई, जिसमें मंत्री ने सभी ग्रामीणों और संघर्ष समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस निर्णय के बाद सुड़सर और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संवेदनशील और जनहितकारी निर्णय से क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीणों ने भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, क्षेत्रीय विधायक, संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और सभी ग्रामीणों का भी धन्यवाद दिया, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह मांग पूरी हो सकी।


