जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरीजी महाराज के सान्निध्य में देवी भागवत कथा, 35 से 45 फीट ऊंचे विशाल मंदिरों का निर्माण आकर्षण का केंद्र
जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरीजी महाराज के सान्निध्य में देवी भागवत कथा, 35 से 45 फीट ऊंचे विशाल मंदिरों का निर्माण आकर्षण का केंद्र
बीकानेर। छोटीकाशी के नाम से प्रसिद्ध बीकानेर इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के दौरान विराट कथा यज्ञ महोत्सव का साक्षी बनने जा रहा है। तमिलनाडु राज्य के विश्वविख्यात श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थ धाम कृष्णगिरी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु पूज्यपाद 1008 श्री वसंत विजयानंद गिरीजी महाराज के पावन सान्निध्य में यह भव्य आयोजन 19 मार्च से 29 मार्च तक होगा।
गुरुभक्त संकेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पायरेट कुबेर लक्ष्मी यंत्र एवं 1008 जीबू कॉइन का दिव्य साधना शिविर आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक काशी के विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ 9 कुंडीय अति विराट दिव्य यज्ञ आयोजित होगा। इस यज्ञ में हजारों किलो मेवा, देशी घी और शुद्ध चंदन की लकड़ियों का उपयोग किया जाएगा।
वहीं प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरीजी महाराज के श्रीमुख से 11 दिवसीय सर्व कष्ट निवारक देवी भागवत कथा का आयोजन होगा। इसके साथ ही महाराजश्री के पावन सान्निध्य में 500 दिव्य समृद्धि कलशों की विशेष साधना और सिद्धि विधान भी किया जाएगा, जिनमें 351 दुर्लभ वस्तुएं सम्मिलित होंगी।
श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक विशाल नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। वहीं रात 10:30 बजे से विश्वविख्यात संगीतकारों और कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।
35 से 45 फीट ऊंचे विशाल मंदिर बनेंगे आकर्षण
संकेश जैन ने बताया कि अग्रवाल भवन परिसर में इस दौरान 35 से 45 फीट ऊंचे भव्य मंदिरों का निर्माण किया जाएगा, जो नवरात्रि महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगे। इनमें गणपति मंदिर, भैरव मंदिर, शिव-पार्वती मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, कृष्णगिरी पद्मावती मंदिर, धनदेश्वरी मंदिर, दुर्गा मंदिर, सिद्धिदात्री मंदिर, महागौरी मंदिर, करणी माता मंदिर, ललिता महात्रिपुर सुंदरी मंदिर, सरस्वती मंदिर, श्रीराम परिवार मंदिर और हनुमान मंदिर शामिल हैं।
आयोजकों का कहना है कि छोटीकाशी बीकानेर में बनने वाले ये विशाल मंदिर सम्पूर्ण भारत में अपनी तरह का अनूठा आकर्षण होंगे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।


