SBI ने पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत दिया 1.10 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम, आरएसी जवान के परिवार को सौंपा चेक

 0
SBI ने पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत दिया 1.10 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम, आरएसी जवान के परिवार को सौंपा चेक
.
MYCITYDILSE

SBI ने पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत दिया 1.10 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम, आरएसी जवान के परिवार को सौंपा चेक

बीकानेर। तीसरी बटालियन राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) बीकानेर परिसर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) मण्डल बीकानेर द्वारा पुलिस सैलेरी पैकेज के संबंध में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं बीमा लाभों की जानकारी साझा की गई।

सभा में तीसरी बटालियन आरएसी की कमाण्डेन्ट श्रीमती सीमा हिंगोनिया, एसबीआई बीकानेर अंचल के उपमहाप्रबंधक सौम्य रंजन साहू (DGM), क्षेत्रीय प्रबंधक सुजित कुमार सुमन (AGM) तथा सहायक महाप्रबंधक धर्मवीर (AGM, डिपोजिट एवं DVAS) सहित बैंक एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान तीसरी बटालियन आरएसी में पदस्थापित दिवंगत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी स्वर्गीय नवरत्न के परिवार को पुलिस सैलेरी पैकेज के अंतर्गत दुर्घटना बीमा क्लेम की राशि प्रदान की गई। बैंक अधिकारियों एवं कमाण्डेन्ट सीमा हिंगोनिया ने संयुक्त रूप से 1 करोड़ 10 लाख रुपये का चेक स्वर्गीय नवरत्न की धर्मपत्नी श्रीमती मोनिका एवं उनके पुत्र कुनाल धारु को सौंपा।

अधिकारियों ने बताया कि यह क्लेम प्रक्रिया पुलिस विभाग और एसबीआई के बीच बेहतर समन्वय तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण कम समय में पूर्ण हो सकी। इस अवसर पर कमाण्डेन्ट सीमा हिंगोनिया ने एसबीआई प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी बीमा राशि का शीघ्र और सुगम निस्तारण परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है।

उन्होंने कहा कि पुलिस सैलेरी पैकेज जैसी योजनाएं पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं तथा विपरीत परिस्थितियों में संबल का कार्य करती हैं। उन्होंने बैंक की त्वरित क्लेम सेटलमेंट प्रक्रिया की विशेष सराहना की।

कार्यक्रम में एसबीआई अधिकारियों ने भी पुलिस सैलेरी पैकेज के विभिन्न लाभों, बीमा सुरक्षा और बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक पुलिस कर्मियों के कल्याण और वित्तीय सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह के दौरान तीसरी बटालियन आरएसी बीकानेर के वरिष्ठ अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और स्वर्गीय नवरत्न के परिजन उपस्थित रहे। भावुक माहौल में परिवार को आर्थिक सहायता का यह महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया, जिसे सभी ने संवेदनशील और सराहनीय पहल बताया।