ग्रामीण सेवा शिविरों से आमजन को मिल रहा योजनाओं का सीधा लाभ, श्याम पंचारिया ने लाखुसर और कालासर शिविरों का किया निरीक्षण

 0
ग्रामीण सेवा शिविरों से आमजन को मिल रहा योजनाओं का सीधा लाभ, श्याम पंचारिया ने लाखुसर और कालासर शिविरों का किया निरीक्षण
.
MYCITYDILSE

ग्रामीण सेवा शिविरों से आमजन को मिल रहा योजनाओं का सीधा लाभ, श्याम पंचारिया ने लाखुसर और कालासर शिविरों का किया निरीक्षण

बीकानेर, 12 जून। भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र की लाखुसर एवं कालासर ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में पहुंचकर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान श्याम पंचारिया ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर आमजन और प्रशासन के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बन रहे हैं।

पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए कई सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शिविरों के माध्यम से अनेक विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ आमजन को त्वरित राहत भी मिल रही है।

श्याम पंचारिया ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविरों को पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा की भावना को मजबूत करने वाला प्रभावी मंच बताया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर समन्वित प्रयास कर रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता महावीर चारण, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, आईटी संभाग सह संयोजक चैन सिंह राजपुरोहित, आईटी जिला संयोजक सुरेंद्र स्वामी, सोशल मीडिया जिला संयोजक पवन स्वामी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री सी.आर. चौधरी, सरपंचगण, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने भी शिविरों के माध्यम से मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे सरकार की जनहितकारी पहल बताया।