देशनोक सदर बाजार में नई सीसी रोड से पहले नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन

 0
देशनोक सदर बाजार में नई सीसी रोड से पहले नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन
.
MYCITYDILSE

देशनोक सदर बाजार में नई सीसी रोड से पहले नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन

देशनोक, 12 जून। देशनोक के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र सदर बाजार में प्रस्तावित नई सीसी रोड निर्माण कार्य से पहले पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलने की मांग को लेकर व्यापार मंडल ने जलदाय विभाग को ज्ञापन सौंपा है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण से पूर्व नई पाइपलाइन नहीं डाली गई तो भविष्य में भारी परेशानी और सरकारी धन की बर्बादी हो सकती है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष कमल नाहटा तथा समाजसेवी भवानी शंकर खत्री ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता जय कुमार बरोड को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रकाश नाहर भी उपस्थित रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि सदर बाजार के मुख्य मार्ग पर नई सीसी रोड और सिविल कार्य शीघ्र प्रारंभ होने वाले हैं। लेकिन इस मार्ग के नीचे बिछी पेयजल पाइपलाइन लगभग 50 से 60 वर्ष पुरानी हो चुकी है और कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त अवस्था में है। पुरानी पाइपलाइन में बार-बार लीकेज की समस्या सामने आती रहती है।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सड़क निर्माण से पहले पुरानी पाइपलाइन को नहीं बदला गया तो भविष्य में किसी भी प्रकार की जल लीकेज की स्थिति में नई बनी सीसी रोड को तोड़ना पड़ेगा। इससे न केवल सरकारी धन का नुकसान होगा बल्कि व्यापारियों, स्थानीय निवासियों और आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञापन में मांग की गई कि सड़क निर्माण शुरू होने से पहले नई एवं मजबूत पेयजल पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि आने वाले वर्षों में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।

ज्ञापन प्राप्त होने के बाद कनिष्ठ अभियंता जय कुमार बरोड ने तत्काल सदर बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा नई पाइपलाइन डलवाने के प्रयास किए जाएंगे।

व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए विभाग समय रहते उचित निर्णय लेगा, जिससे नई सड़क और पेयजल व्यवस्था दोनों का लाभ क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक मिल सके।