बीकानेर में पत्रकार होली स्नेह मिलन समारोह, 21 पत्रकारों का हुआ सम्मान
बीकानेर। पत्रकार वेलफेयर सोसायटी बीकानेर की ओर से हरि हेरिटेज में पत्रकार होली स्नेह मिलन समारोह एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 21 पत्रकार साथियों का सम्मान किया गया, जिनमें पांच महिला पत्रकार भी शामिल रहीं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. सुमन्त व्यास और राजस्थानी फिल्मों के निर्माता-निर्देशक अरविन्द उपस्थित रहे। अतिथियों ने पत्रकारों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि बदलते समय के साथ हर क्षेत्र में चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं। पत्रकारों के कंधों पर जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं, इसलिए इन चुनौतियों को अवसर में बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसार नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी कलम का उपयोग जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ करें, जिससे समाज को सही दिशा मिल सके। उन्होंने बीकानेर की पत्रकारिता परंपरा को पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बताया।
वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. सुमन्त व्यास ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया समाज की जागरूकता और दिशा निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन आपसी संवाद और सहयोग को मजबूत करते हैं। उन्होंने पत्रकारों से पीत पत्रकारिता से दूर रहने की अपील भी की।
कार्यक्रम में जार के प्रदेशाध्यक्ष श्याम मारू, भवानी जोशी, अनुराग हर्ष और अरविन्द व्यास ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवा पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने की प्रेरणा दी।
सोसायटी के अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला, जबकि सचिव उमाशंकर आचार्य ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजा सांखी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुनील बरूआ, संजय पारीक, कुलदीप चारण, आनंद आचार्य, लक्ष्मीनारायण शर्मा, रोशन बाफना, आनंद जोशी, नारायण मत्तड़, राजेश छंगाणी, निखिल स्वामी, महेन्द्र मेहरा, विनोद जोशी, नरेश मारू, गिरिराज भादाणी, अजीम भुट्टा, मनोज व्यास सहित महिला पत्रकार उषा जोशी, मुदिता पोपली, सुनीता भोजक, डॉ. पूजा मोहता और सुमेस्ता विश्नोई का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर गायक राहुल जोशी ने फाल्गुनी गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंगारंग माहौल बना दिया। कार्यक्रम में पत्रकारों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और स्नेह व सौहार्द का संदेश दिया।

