हेडमास्टर ने बच्ची से करवाई मालिश, वीडियो वायरल होते ही सस्पेंड

 0
हेडमास्टर ने बच्ची से करवाई मालिश, वीडियो वायरल होते ही सस्पेंड
.
MYCITYDILSE

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के प्राथमिक विद्यालय नया बाजार-1 से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां विद्यालय की हेडमास्टर मधु कुमारी राय पर आरोप है कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे अपनी पीठ दबवाई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 28 फरवरी की है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि हेडमास्टर कक्षा में चटाई बिछाकर लेटी हुई हैं और कक्षा 2 की एक छोटी बच्ची उनकी पीठ पर खड़ी होकर पैरों से दबा रही है। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य बच्चे शोर मचा रहे थे और पढ़ाई पूरी तरह बाधित थी।

जानकारी के अनुसार हेडमास्टर सुबह करीब 11 बजे कक्षा में पहुंचीं, जहां कक्षा 2 और 3 के बच्चे एक साथ बैठे थे। उन्होंने एक छात्रा को बुलाकर मालिश करने के लिए कहा। बच्ची ने हिचकिचाते हुए बताया कि उसे मालिश करना नहीं आता, जिस पर हेडमास्टर ने उसे निर्देश दिया कि वह उनकी पीठ पर चढ़कर चलने लगे।

बताया जा रहा है कि स्कूल के ही किसी कर्मचारी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

वीडियो सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) वीरेंद्र कुमार शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। शुरुआती जांच में वीडियो सही पाया गया, जिसके बाद हेडमास्टर मधु कुमारी राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भी काफी नाराजगी देखने को मिल रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।