करणी नगर में सामूहिक हनुमान चालीसा का भव्य आयोजन, श्रद्धा और भक्ति से गुंजायमान हुआ पूरा क्षेत्र

 0
करणी नगर में सामूहिक हनुमान चालीसा का भव्य आयोजन, श्रद्धा और भक्ति से गुंजायमान हुआ पूरा क्षेत्र
.
MYCITYDILSE

करणी नगर में सामूहिक हनुमान चालीसा का भव्य आयोजन, श्रद्धा और भक्ति से गुंजायमान हुआ पूरा क्षेत्र

बीकानेर। वंदे मातरम टीम द्वारा आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा की छठी कड़ी में करणी नगर (लालगढ़) का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। सी-ब्लॉक स्थित माताजी मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।

कार्यक्रम के संयोजक राकेश पाल, संतोष बांठिया, कन्हैयालाल पंवार, गजेंद्र भार्गव एवं श्याम सारड़ा रहे। कार्यक्रम में शिवबाड़ी मठ के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शनंद गिरी की विशेष उपस्थिति रही, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक जी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे शंख वादक यशविंदर, सुधा आचार्य, संजय पाटिल एवं पुजारी भैरव द्वारा सामूहिक शंख ध्वनि के साथ किया गया। इसके बाद स्वामी विमर्शनंद गिरी के सान्निध्य में हनुमान चालीसा का प्रथम सामूहिक पाठ प्रारंभ हुआ।

श्रद्धालुओं की विशाल उपस्थिति में तीन सामूहिक पाठ एवं एक संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। साथ ही नवीन गोस्वामी एवं आरव गोस्वामी द्वारा प्रस्तुत राम भजनों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपने उद्बोधन में स्वामी विमर्शनंद गिरी ने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ करने के साथ-साथ उसके अर्थ को समझना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा ऐसा दिव्य मंत्र है, जो बड़े से बड़े संकट को दूर करने की क्षमता रखता है।

संघ के विभाग प्रचारक विनायक जी ने कहा कि प्रत्येक घर और मोहल्ले में सप्ताह में एक बार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होना चाहिए तथा एक घंटे का मोबाइल उपवास भी रखा जाना चाहिए। उन्होंने इस आयोजन के लिए वंदे मातरम टीम की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान बेणेश्वर बारी निवासी शांतिलाल भोजक की सुपुत्री इप्सिता शर्मा को बच्चों में गीता के अध्याय कंठस्थ करवाने के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में कामिनी भोजक, सुधा आचार्य, विजय कोचर, मुकेश जोशी, पुरुषोत्तम सुथार, दिलीप गुप्ता, सुशील यादव, संतोष बांठिया, राकेश पाल, शांतिलाल भोजक, जितेंद्र खिवसर, कमल सेन, भवानी सुथार, श्याम सुंदर तिवारी, श्याम सुंदर सारड़ा, कुलदीप चौधरी, कैलाश मांझू, राकेश मित्तल, अनिल शर्मा, विनोद करोल, मुरली बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम टीम करणी नगर के राकेश पाल ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वंदे मातरम टीम बीकानेर के जिला संयोजक मुकेश जोशी ने किया।