मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कल हनुमानगढ़ में महिला सम्मेलन को करेंगे संबोधित, बीकानेर से हजारों महिलाएं होंगी शामिल
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ में आयोजित महिला सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस सम्मेलन में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहकर महिलाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में बीकानेर से भी हजारों महिलाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा संभाग कार्यालय बीकानेर में एक पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया और शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित यह महिला सम्मेलन मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का बड़ा अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाए।
इस अवसर पर बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और मातृशक्ति सम्मेलन में भाग लेंगी। इसके लिए सभी मंडलों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि इस महिला सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं को संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष कुसुम शर्मा, जिला प्रवक्ता पूजा मोहता, महिला मोर्चा जिला संयोजक सरोज प्रजापत, अनु सुथार, भारती अरोड़ा, रेखा भदानी, इंद्रा व्यास, आरती आचार्य, सोशल मीडिया जिला संयोजक पवन स्वामी, आईटी जिला संयोजक सुरेन्द्र स्वामी, विजयपाल कूकणा, गजेंद्र सिंह भाटी, विनायक पारीक सहित शहर और देहात की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी हनुमानगढ़ महिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई और सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।


