बीकानेर में 31 हजार पौधों के वितरण का शुभारंभ, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिली नई गति
बीकानेर में तोलाराम जेठीदेवी सुराणा ट्रस्ट और भाजपा गंगाशहर मंडल द्वारा 31 हजार पौधे वितरण अभियान शुरू, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने बच्चों को पौधे वितरित कर किया शुभारंभ।

बीकानेर में 31 हजार पौधों के वितरण का शुभारंभ, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिली नई गति
बीकानेर। तोलाराम जेठीदेवी सुराणा चैरिटेबल ट्रस्ट और भाजपा गंगाशहर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 31 हजार पौधों के वितरण और पौधारोपण अभियान का शुभारंभ मंगलवार को गंगाशहर स्थित अरुणोदय विद्या मंदिर स्कूल में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रहे। उन्होंने स्कूली बच्चों को पौधे वितरित कर अभियान की शुरुआत की।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का आह्वान अब जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने सभी से अपनी मां के नाम पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने पेड़ों को धरती का श्रृंगार बताते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संतुलन बना रहता है और बारिश में भी वृद्धि होती है।
इस अवसर पर बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ घरों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान भी चलाना चाहिए। शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने प्रत्येक बच्चे को पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। देहात भाजपा अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि पेड़ जीवन के आधार हैं, और इनकी देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं अभियान संयोजक डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य ने कहा कि पेड़ों की देखभाल बच्चों की तरह करनी चाहिए। ट्रस्ट अध्यक्ष मोहन सुराणा ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से ट्रस्ट द्वारा रक्तदान शिविर, पौध वितरण और अन्य सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गंगाशहर मंडल कार्यालय में पौधे वितरण के लिए रखे जाएंगे, जिन्हें कोई भी प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शुरुआत की और 251 स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को पौधे वितरित किए।
इस अवसर पर भाजपा नेता प्रकाश चंद्र मेघवाल, अखिलेश प्रताप सिंह, जेठमल नाहटा, जसकरण मारू, कमल गहलोत, हिमांशु टाक, अशोक सैन, मूलचंद दर्जी, मघाराम नाई, इंद्र राव, चंद्रप्रकाश शर्मा, उपासना जैन, महावीर चारण, गुमान सिंह राजपुरोहित, श्याम चौधरी, मनीष सोनी, अशोक बोबरवाल, देवकिशन मारू, भूपेंद्र शर्मा, झमकू देवी, पुखराज चोपड़ा, शिव प्रजापत, राजश्री कछावा, जगदीश सोनी, सुनीता हटीला, शिवकुमार रंगा, गिरिराज खेरीवाल, द्वारका प्रसाद पचीसिया, रामचंद्र आचार्य, अभिषेक आचार्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।