परमा एकादशी पर श्री खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य श्रृंगार और विशेष पूजा में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
परमा एकादशी पर श्री खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य श्रृंगार और विशेष पूजा में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
बीकानेर, 11 जून। जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में अधिक मास की पावन परमा एकादशी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। लगभग तीन वर्ष में एक बार आने वाली इस विशेष एकादशी पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का मंदिर में तांता लगा रहा। बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष और आकर्षक श्रृंगार किया गया। पंडित किशन जोशी एवं चेतन शर्मा द्वारा की गई पुष्प सज्जा और अलौकिक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, रोशनी और धार्मिक सजावट से विशेष रूप से सजाया गया था।
दिनभर मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। “लगन तुमसे लगा बैठे, जो होगा देखा जाएगा” सहित अनेक लोकप्रिय श्याम भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु निशान लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और अपनी मनोकामनाओं के लिए पूजा-अर्चना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार परमा एकादशी का व्रत अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से व्यक्ति को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठंडे पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
शाम के समय मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा के भक्त राकेश अग्रवाल विशेष रूप से पान का भोग लेकर पहुंचे। इसके अलावा जामुन, आलूबुखारा, लीची, चेरी, आम सहित कई मौसमी फलों तथा मिष्ठानों का भव्य भोग लगाया गया।
मंदिर में महिलाओं की विशेष भागीदारी भी देखने को मिली। महिलाओं ने नारियल पर अपनी मनोकामनाएं लिखकर मौली से बांधा और बाबा के चरणों में अर्पित किया। परिवार की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं।
इस अवसर पर एक विशेष धार्मिक एवं राष्ट्रीय भावना से जुड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व महिला अध्यक्ष मधुरिमा सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लेकर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की प्रगति के लिए बाबा श्याम से प्रार्थना की।
मंदिर के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को बाबा श्याम की पावन मोरछड़ी से आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी देश की उन्नति, शांति, समृद्धि और विकास के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही भक्तों को गुलाब के फूल और इत्र की शीशियां भेंट की गईं। पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों, भजनों और दर्शन के कार्यक्रमों ने परमा एकादशी के इस पर्व को भव्य और यादगार बना दिया।
श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति, समृद्धि और राष्ट्र कल्याण की मंगलकामनाएं करते हुए दर्शन लाभ प्राप्त किया।


