सावन सोमवार पर शिव भक्ति में लीन श्रद्धालु, शिव महिमन और शक्ति पाठ का पाठ
बीकानेर के भावनाथ आश्रम स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर में डोल जल से शिव अभिषेक, पुष्प अर्चन और शिव महिमा पाठ का आयोजन। सावन सोमवार पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया।

जंगलेश्वर महादेव का डोल जल से अभिषेक, शिव सहस्रनाम से अर्चन और शिव भक्ति में लीन श्रद्धालु
बीकानेर। श्रीगंगानगर रोड स्थित कानासर फांटा के धोरों के बीच बसे संत भावनाथ आश्रम में सावन के पावन अवसर पर विशेष शिव पूजा का आयोजन किया गया। आश्रम परिसर स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर में संत भावनाथ महाराज के सानिध्य में यजमान केदार सारस्वत ने सपत्नी डोल जल से भगवान शिव का अभिषेक किया।
प्रहलाद ओझा 'भैरुं' ने जानकारी दी कि अभिषेक के उपरांत श्रद्धालुओं ने गेंदा और आक के पुष्पों से शिव सहस्रनाम के साथ अर्चन किया। इस दौरान हनुमान सारस्वत, मोहन राजपुरोहित, किसन राजपूत, लादु सिंह, किसन अलका गहलोत, बजरंग राजपुरोहित, संगीता राजपुरोहित और लक्ष्मी ओझा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पंडित विश्वभर पुरोहित और बद्री महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्री पाठ, शिव महिम्न स्तोत्र और शिवा शक्ति पाठ का पाठ किया गया, जिससे वातावरण शिवमय हो गया।
लोक गायक भगवान पंचारिया एंड पार्टी द्वारा दिनभर शिव और शक्ति भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें श्रद्धालु झूम उठे। आश्रम में गायों को गुड़ व चारा खिलाया गया और श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद का आयोजन भी हुआ।
संत भावनाथ महाराज ने अपने प्रवचन में डोल जल से अभिषेक की महिमा और सावन सोमवार के व्रत के आध्यात्मिक महत्व को बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में शिव भक्ति और सेवा को अपनाने का आह्वान किया।