महाराजा डॉ. करणीसिंह की 102वीं जयंती पर बीकानेर में सेवा कार्य, मूक-बधिर बच्चों और वृद्धाश्रम को फल व खाद्य सामग्री वितरण
महाराजा डॉ. करणीसिंह की 102वीं जयंती पर बीकानेर में सेवा कार्य, मूक-बधिर बच्चों और वृद्धाश्रम को फल व खाद्य सामग्री वितरण
बीकानेर। विश्वविख्यात निशानेबाज, अर्जुन अवार्डी और पूर्व सांसद महाराजा डॉ. करणीसिंह की 102वीं जयंती पर बीकानेर में विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर उनकी ज्येष्ठ पुत्री प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी की ओर से श्रद्धांजलि और सेवा कार्य संपन्न हुए।
सबसे पहले डॉ. करणीसिंह स्टेडियम एवं महारानी स्कूल के पास स्थित महाराजा डॉ. करणीसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
जयंती अवसर पर एकलव्य फाउंडेशन द्वारा बीकानेर के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस दौरान फाउंडेशन अध्यक्ष दानवीरसिंह ने प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी द्वारा राजकीय मूक-बधिर विद्यालय के बच्चों को फल और जूस वितरित किए गए, जिससे बच्चों में खुशी का माहौल रहा।
इसके साथ ही स्वर्गीय महाराजा डॉ. करणीसिंह की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से सोफिया स्कूल के पीछे स्थित वृद्ध आश्रम में रहने वाले अनाश्रितों को भोजन एवं खाद्य सामग्री भी वितरित की गई।
राजकीय मूक-बधिर विद्यालय प्रबंधन एवं वृद्ध आश्रम प्रबंधन ने प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मूक-बधिर बच्चों और अनाश्रितों के प्रति उनका स्नेह एवं श्रद्धा भाव उनके संवेदनशील और विराट व्यक्तित्व को दर्शाता है।
यह आयोजन बीकानेर में सेवा, संस्कार और समाजसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।


