ट्रक ऑपरेटरों की परेशानी पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की आवाज, चालान निस्तारण व्यवस्था में सुधार की मांग
ट्रक ऑपरेटरों की परेशानी पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की आवाज, चालान निस्तारण व्यवस्था में सुधार की मांग
बीकानेर। प्रदेश में मालवाहक वाहनों के चालान निस्तारण की वर्तमान व्यवस्था को लेकर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर ट्रक ऑपरेटरों, वाहन मालिकों और चालकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया तथा व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
जुगल राठी ने कहा कि परिवहन विभाग के अधिकारी विभिन्न जिलों और क्षेत्रों में जाकर मालवाहक वाहनों के चालान कर रहे हैं, लेकिन चालान का निस्तारण और भुगतान संबंधित अधिकारियों के मूल कार्यक्षेत्र में ही किया जा रहा है। इससे वाहन स्वामियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और समय व धन दोनों का नुकसान होता है।
मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था का सबसे अधिक असर छोटे और एकल ट्रक मालिकों पर पड़ रहा है। कई बार चालान के निस्तारण में देरी होने से वाहन कई दिनों तक खड़े रहते हैं, जिससे माल परिवहन प्रभावित होता है और व्यापारिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय समयबद्धता पर आधारित है। ऐसे में यदि वाहन लंबे समय तक खड़े रहते हैं तो परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसके साथ ही व्यापारियों और ग्राहकों को भी माल की आपूर्ति में देरी का सामना करना पड़ता है।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने अपने पत्र में सुझाव दिया है कि जिस जिले, क्षेत्र या स्थान पर वाहन का चालान किया जाए, उसी स्थान पर उसके निस्तारण और भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे वाहन मालिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनेगी।
मंडल ने यह भी मांग की है कि चालान राशि जमा होने के तुरंत बाद वाहन रिलीज करने की स्पष्ट और प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि परिवहन कार्य बाधित न हो और वाहन स्वामियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जुगल राठी ने कहा कि यदि सरकार इस व्यवस्था में सुधार करती है तो परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी बनेगी। इससे प्रदेशभर के हजारों ट्रक ऑपरेटरों, वाहन मालिकों और चालकों को राहत मिलेगी तथा माल परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।


