भाजपा बीकानेर देहात प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, अर्जुनराम मेघवाल और सुमित गोदारा ने संगठन मजबूती का दिया मंत्र
भाजपा बीकानेर देहात प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, अर्जुनराम मेघवाल और सुमित गोदारा ने संगठन मजबूती का दिया मंत्र
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी बीकानेर देहात द्वारा देशनोक में आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण शिविर” का समापन विभिन्न महत्वपूर्ण सत्रों और राष्ट्रगान के साथ हुआ। शिविर के दूसरे दिन संगठन मजबूती, बूथ प्रबंधन और राष्ट्रीय मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा तथा भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
भारत मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है — अर्जुनराम मेघवाल
देश की आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा की ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता — सुमित गोदारा
कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने व्यवहारिक सत्र में कहा कि भाजपा संगठन की असली ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण शिविर संगठन को देता है नई ऊर्जा — श्याम पंचारिया
जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
शिविर में “विचार परिवार” विषय पर बलवीर बिश्नोई ने संगठनात्मक संस्कार और भाजपा की विचारधारा पर अपने विचार रखे, जबकि “बूथ प्रबंधन” विषय पर अभिषेक राजवी ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के गुर बताए।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, रामगोपाल सुथार, जालमसिंह भाटी, भवानी पाईवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिविर का समापन राष्ट्रगान और भारत माता के जयघोष के साथ हुआ।


