बीकानेर में 75 इलेक्ट्रिक बसों के लिए 25 रूट तय, MGSU से देशनोक और घड़सीसर से गंगाशहर तक मिलेगी ई-बस सेवा
बीकानेर में जल्द 75 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। 25 रूट तय किए गए हैं, जिनमें MGSU-देश्नोक, घड़सीसर-गंगाशहर सहित नापासर, खारा, उदयरामसर और प्रमुख अस्पताल, रेलवे स्टेशन व शिक्षण संस्थान जुड़ेंगे।
बीकानेर में 75 इलेक्ट्रिक बसों के लिए 25 रूट तय, MGSU से देशनोक और घड़सीसर से गंगाशहर तक मिलेगी ई-बस सेवा
✍️ नितिन खत्री | MyCityDilSe.com
बीकानेर। शहरवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बड़ी सुविधा जल्द मिलने जा रही है। बीकानेर में 75 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है और इसके लिए प्रारंभिक तौर पर 25 रूट निर्धारित किए गए हैं। इन रूटों के माध्यम से शहर के साथ आसपास के प्रमुख क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है।
ई-बस सेवा शुरू होने के बाद महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी से देशनोक और घड़सीसर से गंगाशहर तक बसों का संचालन प्रस्तावित है। इससे बीकानेर शहर की कई कॉलोनियों और उपनगरों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इन क्षेत्रों तक पहुंचेगी ई-बस सेवा
प्रारंभिक योजना के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जयपुर रोड, वाईपास, नापासर, देशनोक, खारा, उदयरामसर, गंगाशहर, उदासर सहित विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।
प्रस्तावित रूटों में शहर के प्रमुख कॉलेज, विश्वविद्यालय, पीबीएम अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और करणी औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने का प्रयास किया गया है।
इसके अलावा देशनोक, नापासर, पलाना, उदयरामसर, सुजानदेसर और खारा जैसे बाहरी क्षेत्रों को भी ई-बस नेटवर्क से जोड़ने की योजना है।
जरूरत के अनुसार बदले जा सकते हैं रूट
अधिकारियों के अनुसार निर्धारित रूट प्रारंभिक योजना का हिस्सा हैं। यात्रियों की जरूरत, यातायात व्यवस्था और संचालन के अनुभव के आधार पर भविष्य में इन रूटों में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं।
इससे शहर के उन इलाकों को भी सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी, जहां वर्तमान में यात्रियों को पर्याप्त परिवहन सुविधा नहीं मिल पाती।
चार ई-बसें बीकानेर पहुंचीं
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि अब तक चार इलेक्ट्रिक बसें बीकानेर पहुंच चुकी हैं, जबकि अन्य बसों के पहुंचने की प्रक्रिया जारी है। बसों का संचालन जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है।
वहीं बीडीए सेक्रेटरी सिद्धार्थ के अनुसार फिलहाल ई-बसों के लिए रूट तय कर लिए गए हैं और जल्द ही बस सेवा शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सस्ती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा की उम्मीद
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरवासियों को सुगम और अपेक्षाकृत किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बसें पारंपरिक ईंधन आधारित वाहनों की तुलना में प्रदूषण कम करने में भी मदद कर सकती हैं।
ई-बस सेवा शुरू होने के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने के साथ विद्यार्थियों, मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
नोट: ई-बसों के प्रस्तावित रूट और संचालन व्यवस्था में प्रशासन की आवश्यकता के अनुसार बदलाव संभव है।


