बीकानेर में शराब के नशे में दोस्तों में विवाद, युवक पर चाकू से हमला; चेहरे पर आई चोट

बीकानेर में शराब के नशे में दोस्तों के बीच विवाद हो गया। जुनागढ़ के पास युवक पर चाकू से हमला करने का आरोप, कोटगेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बीकानेर में शराब के नशे में दोस्तों में विवाद, युवक पर चाकू से हमला; चेहरे पर आई चोट
बीकानेर में शराब के नशे में विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला
.
MYCITYDILSE

बीकानेर में शराब के नशे में दोस्तों में विवाद, युवक पर चाकू से हमला; चेहरे पर आई चोट

बीकानेर। कोडमदेसर से प्रसाद चढ़ाकर बीकानेर लौट रहे युवकों के बीच शराब के नशे में विवाद होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जुनागढ़ स्थित हनुमान मंदिर के पास एक युवक ने अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल युवक को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले जाया गया। मामले में कोटगेट थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार पुरानी गिन्नाणी निवासी रोहित सुथार अपने दोस्त पंकज और पंकज के परिचित लालसिंह के साथ 30 अगस्त की शाम कोडमदेसर प्रसाद चढ़ाने गया था। वहां शराब पीने के बाद तीनों बीकानेर के लिए रवाना हुए।

बताया गया कि रास्ते में लालसिंह चलती गाड़ियों में बैठे लोगों को गालियां देने लगा। जुनागढ़ के पास पहुंचने पर उसने गाड़ी रुकवाई और कथित तौर पर एक व्यक्ति को जान से मारने की बात कही। रोहित और पंकज ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि लालसिंह ने पंकज के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। रोहित ने उसे पकड़कर जमीन पर गिराया और शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने कमर के पीछे से चाकू निकालकर रोहित पर हमला कर दिया।

चाकू के वार से रोहित के पैर और कपड़ों पर चोट लगी और उसकी शर्ट भी फट गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने रोहित के बाल पकड़कर उसके चेहरे पर भी चाकू से वार किया। घटना में रोहित के चेहरे पर चोट आई, जबकि पंकज डरकर वहां से चला गया।

घायल रोहित को बाद में पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। आरोप है कि लालसिंह भी अस्पताल पहुंच गया और नशे की हालत में अस्पताल स्टाफ से विवाद करते हुए हंगामा करने लगा। अस्पताल स्टाफ ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार घायल के बाएं गाल और नाक पर पट्टी लगी थी। उसकी बाईं आंख पर सूजन और नीलापन भी दिखाई दिया, जबकि दाएं कूल्हे के नीचे खरोंच का निशान मिला।

घायल की रिपोर्ट के आधार पर कोटगेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई प्रवीण वैष्णव को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और आरोपों की जांच कर रही है।