फायरिंग केस में बड़ी सफलता: पुलिस ने 25,000 ईनामी मुख्य आरोपी संजय नायक सहित दो बदमाशों को दबोचा

 0
फायरिंग केस में बड़ी सफलता: पुलिस ने 25,000 ईनामी मुख्य आरोपी संजय नायक सहित दो बदमाशों को दबोचा
.
MYCITYDILSE

बीकानेर फायरिंग केस में बड़ी सफलता: पुलिस ने 25,000 ईनामी मुख्य आरोपी संजय नायक सहित दो बदमाशों को दबोचा

शहर में व्यवसायी सुखदेव चायल के घर फायरिंग मामले में बीकानेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल केस के 25 हजार रुपये के इनामी शूटर संजय नायक को योजना में शामिल उसके साथी सुनील नायक के साथ नारनौल से गिरफ्तार किया है। चार महीने से चल रही जांच के बाद यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

फायरिंग की घटना सादुलगंज क्षेत्र में हुई थी, जहां बाइक सवार बदमाशों ने हेलमेट पहनकर पहचान छिपाते हुए घर पर गोलियां चलाईं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर हैरी बॉक्सर ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। उसी के इशारे पर पूरी वारदात करवाए जाने की बात सामने आई थी।

इस मामले में पुलिस ने पहले ही शिव सिंह भलूरी, रमनदीप और विकी को गिरफ्तार किया था, जबकि आरोपी विकी वर्तमान में चार दिन की रिमांड पर है। अब मुख्य शूटर और प्लानिंग करने वाले गैंग के अहम सदस्यों के पकड़े जाने से केस में मजबूत प्रगति हुई है।

विदेश से संचालित हो रही थी साजिश

तफ्तीश में सामने आया कि बड़ी रकम के लालच में विदेश में बैठे अपराधी राजस्थान सहित कई राज्यों में फायरिंग व हत्या जैसी वारदातें करवाते हैं। इस नेटवर्क में मददगार कई अन्य नाम भी उजागर हुए हैं, जिनकी गिरफ्तारी जल्द होने की संभावना है। पुलिस के अनुसार रोहित गोदारा, हैरी बॉक्सर और सुंदर हांसी वर्तमान में विदेश में छिपे होने की जानकारी मिली है।

टीम ने दिन-रात किया पीछा

इस केस को सुलझाने में पुलिस की विशेष टीम ने लगातार रणनीतिक कार्रवाई की।
जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी:

  • एडीशनल एसपी शहर चक्रवर्ती राठौड़

  • सीओ सदर अनुष्ठा कलिया

  • डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह

  • थाना अधिकारी सदर सुरेंद्र पचार

  • आरएसटी प्रभारी संदीप पुनिया

  • एएसआई दीपक यादव

  • पूर्व एडीशनल एसपी शहर सौरभ तिवाड़ी

टीम ने कई दिनों तक दिल्ली, हरियाणा व एनसीआर में कैंप कर सुराग जुटाए, और लगातार प्रयासों के बाद अपराधियों को दबोच लिया।

एसपी सागर ने लिया चैलेंज

बीकानेर एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने इस केस को चैलेंज की तरह लेकर लगातार मॉनिटरिंग की, साप्ताहिक समीक्षा की और अंतरराज्यीय पुलिस से समन्वय बनाए रखा। उनकी सक्रियता और टीम की मेहनत से केस सुलझा और पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई क्षमता का प्रमाण दिया।

बीकानेर फायरिंग केस गिरफ्तारी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर मजबूत संदेश दिया है कि अपराधियों को कानून से बचने की जगह नहीं मिलेगी।