बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल के बाद मचा हड़कंप, पुलिस और एजेंसियां अलर्ट

 0
बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल के बाद मचा हड़कंप, पुलिस और एजेंसियां अलर्ट
.
MYCITYDILSE

बीकानेर। बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करवा दिया।

जानकारी के अनुसार बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई थी। बताया जा रहा है कि यह ईमेल कोर्ट अधिकारी के मेल पर भेजा गया, जिसमें बीकानेर न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, इसी ईमेल में श्रीडूंगरगढ़ और छतरगढ़ न्यायालय को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर बीकानेर कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करा दिया गया और फिलहाल किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

मौके पर बीकानेर एसपी कावेन्द्र सागर भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की टीमों के साथ डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा एजेंसियां कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच कर रही हैं।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसकी मंशा है। वहीं अधिवक्ता और कोर्ट से जुड़े लोग भी जांच में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से राजस्थान के कई शहरों में इस तरह की धमकियां सामने आती रही हैं। कभी जयपुर एयरपोर्ट, कभी जोधपुर हाईकोर्ट और कभी स्कूलों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। पिछले करीब छह महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनके बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क बनी हुई हैं।