बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल ने सौंपा ज्ञापन, व्यापार एवं उद्योग से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर सब्जी मंडी स्थानांतरण, कोटगेट एवं सांखला अंडरपास, पेयजल व्यवस्था, बाजारों में शौचालय और व्यापारिक सुविधाओं सहित कई जनहित एवं व्यापारिक समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल ने सौंपा ज्ञापन, व्यापार एवं उद्योग से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
.
MYCITYDILSE

बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल ने सौंपा ज्ञापन, व्यापार एवं उद्योग से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल के अध्यक्ष जुगल राठी के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर शहर के समग्र विकास तथा व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

जुगल राठी ने बताया कि ज्ञापन में व्यापारियों और आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान होने से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।

कोटगेट सब्जी मंडी के स्थानांतरण की मांग

मण्डल के सचिव संजय जैन सांड एवं भंवर सिंह राजपुरोहित ने कोटगेट क्षेत्र स्थित वर्तमान सब्जी मंडी को शहर के बाहर किसी विस्तृत एवं स्थायी स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि मौजूदा मंडी अत्यधिक भीड़, सीमित स्थान और अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण आमजन, व्यापारियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए असुविधा एवं सुरक्षा का विषय बन चुकी है।

कोटगेट एवं सांखला रेलवे फाटक अंडरपास पर सुझाव

उपाध्यक्ष वेद प्रकाश अग्रवाल एवं सह-सचिव प्रेम रतन जोशी ने राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत कोटगेट एवं सांखला रेलवे फाटक अंडरपास कार्य को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों परियोजनाओं का निर्माण एक साथ शुरू नहीं किया जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों।

उन्होंने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले विस्तृत परियोजना, ट्रैफिक प्रबंधन योजना, कार्य की समय-सीमा, वैकल्पिक मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, संकेतक बोर्ड तथा बरसात के दौरान जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सार्वजनिक करने की भी मांग की।

पेयजल व्यवस्था मजबूत करने की मांग

सह-सचिव ईमरान राठौड़ एवं साजिद सुलेमानी ने शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से लंबित जलापूर्ति योजनाओं एवं टंकियों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कर तैयार टंकियों से नियमित जलापूर्ति शुरू की जाए, ताकि आमजन, व्यापारी, होटल व्यवसायी और औद्योगिक इकाइयों को राहत मिल सके।

बाजारों में शौचालय एवं जलभराव की समस्या उठाई

वरिष्ठ सदस्य जनक प्रकाश हर्ष एवं हरिओम पुरोहित ने बाजार क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूरा करने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा सड़कों पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी।

विशेष आमंत्रित सदस्य रतन लाल सोमानी ने व्यापारिक क्षेत्रों में पुरुष एवं महिला शौचालयों के निर्माण और तैयार शौचालयों को जल्द शुरू करने का आग्रह किया।

जिला कलक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को सभी मांगों पर त्वरित कार्रवाई कर आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग और नगर निगम बीकानेर के अधिकारियों को व्यापार उद्योग मण्डल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने के निर्देश भी दिए।

बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन व्यापारिक संगठनों के सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई करेगा, जिससे शहर के व्यापार, उद्योग और आधारभूत सुविधाओं का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।