जयपुर:- रोड किनारे रविवार सुबह मानव भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। नाजायज पैदाइश को छिपाने के लिए उसे फेंका गया था। कचरे के ढेर में पड़े मिले भ्रूण को गांधी नगर थाना पुलिस ने कब्जे में लिया। पुलिस ने हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भ्रूण का पोस्टमॉर्टम करवाया। पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
एएसआई धर्म सिंह ने बताया कि इन्द्रा नगर कच्ची बस्ती झालाना डूंगरी निवासी सोहन लाल पंवार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सुबह करीब 7 बजे वह बुरादा टीबा की खान के पास से जा रहे थे। इस दौरान रोड किनारे कचरे के ढेर में मानव भ्रूण पड़ा दिखाई दिया। मानव भ्रूण मिलने का पता चलने पर स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
भ्रूण मिलने की सूचना पर गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौका-मुआवना कर सबूत जुटाने के बाद भ्रूण को कब्जे में लिया गया। पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मानव भ्रूण करीब 7 महीने का है। अज्ञात परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगाला जा रहा है।